
नैनीताल। रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में शुक्रवार की शाम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और पुलिस परिवार की एकजुटता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उच्च न्यायालय उत्तराखंड के माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और आलोक मेहरा समेत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक पुलिस गार्ड के साथ स्वागत किया गया।
स्टार नाइट ने बांधा समां
जन्माष्टमी समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोकगायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर पहाड़ की संस्कृति की छटा बिखेरी, जबकि अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू की प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे एक लाख से अधिक दर्शकों ने ऑनलाइन देखा।
कृष्ण की लीलाओं ने मोहा मन
जिले के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों ने झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना की।
आधी रात को गूंजा कृष्ण नाम
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि के करीब विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित नैनीताल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस परिवार ने पूजा में भाग लिया। सामूहिक भजन-कीर्तन के बीच क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता करने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। भव्य जन्मोत्सव ने पुलिस परिवार की सांस्कृतिक प्रतिभा के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच सौहार्द की मजबूत तस्वीर पेश की।










