लालकुआं। साप्ताहिक समाचार पत्र के सफलतापूर्वक 19 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, सामाजिक सरोकार, जनहित के मुद्दों तथा डिजिटल युग में क्षेत्रीय पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित आधारित पत्रकारिता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चन्द्रिका बिष्ट एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सोमेश्वर यति महाराज, पूर्व विधायक नवीन दुमका, दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, ग्राम प्रधान कमलेश चंदोला, वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, कुंदन सिंह मेहता, संध्या डालाकोटी, प्रचारिका बाई, महात्मा आलोकानंद तथा गोपीनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाचार पत्र की 19 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय समाचार पत्र समाज की वास्तविक आवाज बनकर स्थानीय समस्याओं, जनभावनाओं और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में समाचारों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और तथ्यपरकता बनाए रखना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज के प्रति जवाबदेह पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने समाचार पत्र के संपादक अजय उप्रेती को 19 वर्षों की सफल पत्रकारिता यात्रा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नवीन दुम्का, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, जीवन कबडवाल, गीता भट्ट, बीना जोशी, मीना रावत तथा पत्रकारों में बीसी भट्ट, राजेश नेगी, प्रकाश जोशी, रमाकांत पंत, भोला दत्त कफल्टीया, हरीश भट्ट, तिलकधारी, शैलेन्द्र कुमार, भुवन रुवाली, गौतम भट्ट, गौरव, अजय अनेजा, देवेंद्र भंडारी सहित अनेक पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










