नैनीताल पुलिस की कमान संभालते ही एक्शन मोड में SSP अर्पण यदुवंशी, देर रात तक चली समीक्षा बैठक; औचक निरीक्षण कर मैस की व्यवस्थाएं भी परखीं

ADVERTISEMENTS Ad

अधिकारियों को दो टूक संदेश—अनुशासन से समझौता नहीं, जनता की शिकायतों का हो शत-प्रतिशत निस्तारण; अधीनस्थों की समस्याओं को सुनने और टीम भावना से पुलिसिंग करने पर दिया जोर

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद की पुलिस कमान संभालते ही नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी एक्शन मोड में नजर आए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने देर रात तक पुलिस अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था, क्षेत्रीय चुनौतियों और पुलिसिंग की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता का विश्वास जीतना, फरियादियों को न्याय दिलाना और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों का मनोबल बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही जनपद में बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक रणनीति और प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी:- सिलक्यारा से धराली तक रेस्क्यू ऑपरेशन में नेतृत्व करने वाले IPS अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल SSP की कमान....

अनुशासन के साथ अधीनस्थों की समस्याओं का भी होगा समाधान

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने और समस्याएं साझा करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखें। किसी भी पुलिसकर्मी को अपनी समस्या रखने में झिझक नहीं होनी चाहिए। कार्मिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर से हरसंभव समाधान किया जाए, ताकि पुलिसकर्मी बेहतर मनोबल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

पर्यटन नगरी में पुलिस का व्यवहार बने भरोसे की पहचान

नैनीताल की पर्यटन नगरी के महत्व को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से व्यवहार में शालीनता, संवेदनशीलता और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद में देश-विदेश से पर्यटक, श्रद्धालु और आम नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे प्रत्येक व्यक्ति के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा का भाव पैदा हो।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:- एक साल का कार्यकाल, अपराधियों पर SSP मंजूनाथ टीसी का ताबड़तोड़ प्रहार… कहीं 6 घंटे में खुलासा तो कहीं 48 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे शातिर अपराधी.....

उन्होंने निर्देशित किया कि थाना, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पीड़ित को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। जनता की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान ही बेहतर पुलिसिंग की असली पहचान है।

टीम भावना और जवाबदेही से होगा चुनौतियों का मुकाबला

एसएसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। किसी भी चुनौती का सामना व्यक्तिगत प्रयासों के बजाय सामूहिक जिम्मेदारी और बेहतर रणनीति के साथ किया जाएगा।

बैठक के बाद मैस में पहुंचे कप्तान, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत भी परखी। इस दौरान उन्होंने मैस में साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मैस की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी:- भावुक माहौल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को दी गई विदाई, पुलिस परिवार की एकजुटता ने छू लिया दिल

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और पुलिस कार्मिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

नवागत एसएसपी की पहली ही समीक्षा बैठक और औचक निरीक्षण से यह संदेश साफ नजर आया कि जनपद में पुलिसिंग को अनुशासन, जवाबदेही और जनविश्वास के आधार पर मजबूत करने की दिशा में प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन नैनीताल समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह सहित समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, अकाउंटेंट, आशुलिपिक, पीआरओ एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें