

काठगोदाम हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद पुलिस कार्यालय पहुंचे नवनियुक्त एसएसपी, सलामी गार्द ने दी सलामी; कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल का कार्यभार ग्रहण कर लिया। सिलक्यारा सुरंग हादसे में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन से लेकर धराली आपदा में हजारों लोगों की मदद तक अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके अर्पण यदुवंशी के सामने अब नैनीताल जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी होगी।
जनपद पहुंचने पर नवनियुक्त एसएसपी ने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचे, जहां सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान संभाल ली।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दिखा चुके हैं नेतृत्व क्षमता
आईपीएस अर्पण यदुवंशी अपनी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पुलिसिंग के साथ कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में उन्हें विशेष अनुभव हासिल है। इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी), पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और सेनानायक एसडीआरएफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उत्तरकाशी में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था के साथ चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संभाला। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग हादसे ने पूरे देश का ध्यान उत्तराखंड की ओर खींचा था। सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए गए चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने में उनका नेतृत्व अहम रहा।
धराली आपदा में 1,386 लोगों को कराया सुरक्षित रेस्क्यू
इसके बाद सेनानायक एसडीआरएफ के रूप में करीब दो वर्षों तक उन्होंने आपदा प्रबंधन और बचाव अभियानों का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एसडीआरएफ की तैनाती एवं संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी उनके पास रही।
अगस्त 2025 में धराली में आई भीषण आपदा के दौरान उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों में अहम भूमिका निभाई। इस अभियान के तहत 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ, जो संगठन की कार्यप्रणाली और गुणवत्ता प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
पुलिस एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आईपीएस अर्पण यदुवंशी को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास प्रशंसा पदक, एनडीएमए प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया है और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपदा प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं।
अब नैनीताल जिले की पुलिसिंग पर रहेगी नजर
अपने पूर्व अनुभवों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने की क्षमता के साथ अर्पण यदुवंशी के नैनीताल जिले का नया पुलिस कप्तान बनने से पुलिस महकमे में नई उम्मीदें जगी हैं। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध एवं नशे पर प्रभावी अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु करना और पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनके सामने प्रमुख चुनौतियां रहेंगी।
सिलक्यारा से धराली तक कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुभव का लाभ अब नैनीताल पुलिस को किस तरह मिलता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।











