नैनीताल:- एक साल का कार्यकाल, अपराधियों पर SSP मंजूनाथ टीसी का ताबड़तोड़ प्रहार… कहीं 6 घंटे में खुलासा तो कहीं 48 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे शातिर अपराधी…..

ADVERTISEMENTS Ad

नशा तस्करों पर भी नैनीताल पुलिस का बड़ा वार, 10.93 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद, 150 मुकदमे दर्ज और 184 तस्कर गिरफ्तार; 912 खोए मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां

कैंची धाम जैसे चुनौतीपूर्ण धार्मिक आयोजन को भी सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराकर SSP ने जीता आमजन का भरोसा

नैनीताल। जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बीते एक वर्ष के दौरान कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। 28 अक्टूबर 2025 को जनपद की कमान संभालने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने गंभीर आपराधिक घटनाओं के खुलासे से लेकर नशा तस्करी, चोरी, लूट, हत्या और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई सनसनीखेज वारदातों का खुलासा महज 6 से 48 घंटे के भीतर करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

एक साल के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट, खोए मोबाइल फोन की बरामदगी, धार्मिक आयोजनों में बेहतर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के रूप में भी सामने आई है।

छह घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, 48 घंटे में ज्वैलर्स चोरी के आरोपी गिरफ्तार

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने कई ऐसी घटनाओं का खुलासा किया, जिन्होंने जनपद में काफी सुर्खियां बटोरीं।

हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने दस घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

कालाढूंगी क्षेत्र में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को 12 घंटे के भीतर ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार किया गया। हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड एवं हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा।

यह भी पढ़ें 👉  एक साल के कार्यकाल में अपराधियों पर कसा शिकंजा, कानून-व्यवस्था को दी नई मजबूती, अब 31वीं वाहिनी पीएसी की कमान संभालेंगे मंजुनाथ टीसी....

इसी तरह मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। मुखानी क्षेत्र में कार्यालय से चोरी के मामले में शातिर चोर को गिरफ्तार कर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।

पुलिस ने मुखानी के बहुचर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में भी 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए मकसूद समेत तीन शातिर चोरों को बनबसा से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया। वहीं लालकुआं क्षेत्र में 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषणों की तीन चोरियों का खुलासा कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

बड़ी वारदातों में भी पुलिस का शिकंजा, संगठित अपराध पर कार्रवाई

जनपद में अन्य बड़ी आपराधिक घटनाओं के खुलासे में भी नैनीताल पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा करते हुए नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2 लाख 39 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई।

रामनगर में एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली में प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन प्रकरण का भी पर्दाफाश किया गया।

रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया। वहीं बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया।

गौला पार क्षेत्र में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया। मुखानी में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर नौ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं:- 28 नवंबर को हल्द्वानी में होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन...

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में EVCL क्रिकेट लीग के नाम पर हुई 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया गया।

इसके अलावा अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्तों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा कर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

वहीं रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कराया गया।

नशा तस्करों पर सबसे बड़ा प्रहार, 10.93 करोड़ का नशा बरामद

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया। 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक NDPS एक्ट के अंतर्गत की गई कार्रवाई में कुल 150 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि 184 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान पुलिस ने करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है—

  • चरस: 25 किलो 846 ग्राम, कीमत लगभग 51.60 लाख रुपये।
  • स्मैक: 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम, कीमत लगभग 9.72 करोड़ रुपये।
  • गांजा: 179 किलो 215 ग्राम, कीमत लगभग 44.80 लाख रुपये।
  • डोडा: 34 किलो 799 ग्राम, कीमत लगभग 1.74 लाख रुपये।
  • नशीले कैप्सूल एवं गोलियां: 1,422, कीमत लगभग 71,100 रुपये।
  • नशीले इंजेक्शन: 2,325, कीमत लगभग 1.16 लाख रुपये।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों को बाजार तक पहुंचने से रोका है।

80 लाख से अधिक के 912 मोबाइल बरामद, असली मालिकों को लौटाए

अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। यह उपलब्धि पुलिस की तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह भी पढ़ें 👉  एक साल के कार्यकाल में अपराधियों पर कसा शिकंजा, कानून-व्यवस्था को दी नई मजबूती, अब 31वीं वाहिनी पीएसी की कमान संभालेंगे मंजुनाथ टीसी....

कैंची धाम मेले में बेहतर व्यवस्था, श्रद्धालुओं ने की पुलिस की सराहना

नैनीताल जनपद में कानून व्यवस्था के साथ-साथ बड़े धार्मिक एवं पर्यटन आयोजनों का सफल संचालन भी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रहता है। विशेष रूप से कैंची धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस ने प्रभावी रणनीति अपनाई।

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने बेहतर समन्वय और व्यवस्थापन के माध्यम से कैंची धाम जैसे चुनौतीपूर्ण आयोजन को सुगमता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया। इससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को काफी राहत मिली और पुलिस की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना हुई।

एक साल में तेज कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग की पहचान

कुल मिलाकर SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई, गंभीर घटनाओं के खुलासे, नशा तस्करी पर प्रहार, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और जनसेवा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं।

छह घंटे से लेकर 48 घंटे के भीतर बड़ी वारदातों का खुलासा, करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों की बरामदगी और सैकड़ों मोबाइल फोन की वापसी पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रमुख उदाहरण हैं। इन कार्रवाइयों से अपराधियों में पुलिस का खौफ और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

एक साल के इस रिपोर्ट कार्ड ने साफ कर दिया है कि नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता अपराध पर नियंत्रण, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें