हल्द्वानी:- भावुक माहौल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को दी गई विदाई, पुलिस परिवार की एकजुटता ने छू लिया दिल

ADVERTISEMENTS Ad

कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के जीवन बचाने के संघर्ष को याद कर भावुक हुए एसएसपी मंजूनाथ, बोले—पुलिस परिवार की एकजुटता और समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में अपनी कार्यशैली, कुशल नेतृत्व और बेहतर पुलिसिंग की छाप छोड़ने वाले एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र को स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई। हल्द्वानी में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके योगदान की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में हुआ है, जबकि एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र अब बागेश्वर जनपद में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। विदाई समारोह में दोनों अधिकारियों की कार्यशैली, निर्णय लेने की क्षमता, पुलिस प्रबंधन, मानवीय संवेदनाओं और टीम के साथ बेहतर तालमेल की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।

समारोह के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए पुलिस परिवार की एकजुटता और टीम भावना को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि एक पुलिस कप्तान के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था की चुनौती या किसी गंभीर अपराध का सामना करना नहीं, बल्कि अपने पुलिस परिवार के किसी सदस्य के जीवन पर संकट आना होता है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी:- सिलक्यारा से धराली तक रेस्क्यू ऑपरेशन में नेतृत्व करने वाले IPS अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल SSP की कमान....

उन्होंने ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला का भावुकता के साथ उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पुष्कर रौतेला के उपचार के दौरान तीन दिनों तक आईसीयू में जीवन और मौत के बीच संघर्ष चला। उस कठिन समय में पुलिस लाइन से लेकर हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने जिस तत्परता, समर्पण और मानवीय संवेदना के साथ सहयोग किया, वह पुलिस परिवार की असली ताकत का उदाहरण है। पुलिसकर्मियों ने रक्तदान से लेकर उपचार में हरसंभव सहयोग किया। सभी के सामूहिक प्रयास और मजबूत इच्छाशक्ति से आज पुष्कर रौतेला स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।

एसएसपी ने कहा कि नैनीताल जनपद में उन्हें जो भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, उन्हें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर पूरा किया। हर चुनौती को टीम भावना के साथ स्वीकार किया गया और प्रत्येक दायित्व को सफलतापूर्वक निभाने का प्रयास किया गया। उन्होंने जीवन में बहते पानी की तरह अलग-अलग जिम्मेदारियों और परिस्थितियों के बीच आगे बढ़ते रहने को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस की कमान संभालते ही एक्शन मोड में SSP अर्पण यदुवंशी, देर रात तक चली समीक्षा बैठक; औचक निरीक्षण कर मैस की व्यवस्थाएं भी परखीं

वहीं, बागेश्वर के नए पुलिस अधीक्षक बनने जा रहे डॉ. जगदीश चंद्र ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने विभिन्न अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख का उल्लेख करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की विशेष रूप से सराहना की।

उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा करने में सक्षम होती है, लेकिन जब किसी काम को आपसी सौहार्द, बेहतर संवाद और स्पष्ट ब्रीफिंग के साथ किया जाता है तो उसके परिणाम और भी बेहतर आते हैं। अंततः किसी भी संगठन की सफलता में आपसी संबंध और विश्वास सबसे अधिक महत्वपूर्ण होते हैं।

डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कभी अधीनस्थों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। उन्होंने हमेशा स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए और अधिकारियों-कर्मचारियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें कार्य करने की स्वतंत्रता दी। इसी विश्वास और सकारात्मक कार्यशैली से पुलिस टीम का मनोबल बढ़ा और बेहतर परिणाम सामने आए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:- एक साल का कार्यकाल, अपराधियों पर SSP मंजूनाथ टीसी का ताबड़तोड़ प्रहार… कहीं 6 घंटे में खुलासा तो कहीं 48 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे शातिर अपराधी.....

समारोह में वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, निर्णय क्षमता और अधीनस्थों के साथ बनाए गए संबंधों से होती है। दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस परिवार के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विदाई समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की। इस दौरान जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस के लिए यह विदाई महज दो अधिकारियों के स्थानांतरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके नेतृत्व, कार्यशैली और पुलिस परिवार के साथ बनाए गए आत्मीय रिश्तों को याद करने का भावुक पल बन गई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें