

नैनीताल से दूसरे जिलों में स्थानांतरित हुए छह थाना प्रभारियों की सेवाओं को सराहा, एसएसपी बोले– नैनीताल पुलिस परिवार को खलेगी कमी
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद नैनीताल से स्थानांतरित होकर अन्य जनपदों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे छह पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी पुलिसिंग की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
विदाई समारोह की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। नैनीताल जनपद में तैनाती के दौरान सभी अधिकारियों ने पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनहित के कार्यों और वीआईपी ड्यूटी सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपनी कार्यशैली और व्यवहार से इन अधिकारियों ने आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि इन सभी अधिकारियों ने थाना प्रभारियों के रूप में नैनीताल पुलिस की टीम के महत्वपूर्ण स्तंभ की तरह कार्य किया है। निश्चित रूप से नैनीताल पुलिस परिवार को उनकी कमी खलेगी। एसएसपी ने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपनी नई तैनाती वाले जनपदों में भी इसी ऊर्जा, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करते हुए पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाएंगे।
इन छह निरीक्षकों को मिली दूसरे जनपदों में नई जिम्मेदारी
जनपद से स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी को जनपद ऊधमसिंहनगर, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता को बागेश्वर, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा को अल्मोड़ा, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह को बागेश्वर, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल को पिथौरागढ़ तथा प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील चंद्र जोशी को अल्मोड़ा जनपद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव, स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी स्थानांतरित हो रहे सभी अधिकारियों के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने अधिकारियों के सरल व्यक्तित्व, मृदुल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी पुलिसिंग की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए। इस दौरान सभी अधिकारियों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं, स्थानांतरित हो रहे पुलिस अधिकारियों ने भी नैनीताल जनपद में अपनी तैनाती के दौरान मिले अनुभवों को साझा किया। उन्होंने एसएसपी नैनीताल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और पुलिस बल के साथियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सभी ने कहा कि नैनीताल में कार्य करने के दौरान उन्हें कई महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए, जो भविष्य में नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहायक होंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली विनय सिंह, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ ऑपरेशन समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडेय, वाचक निरीक्षक रमेश सिंह नेगी, प्रधान लिपिक हिमांशु पंत, आशुलिपिक साधना, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित विभिन्न थाना एवं शाखाओं के प्रभारी, पुलिस कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी छह स्थानांतरित अधिकारियों को नई तैनाती के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।











