

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के वरिष्ठ अधिकारी पर गोली चलाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कनखल थाना क्षेत्र स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उनके माथे के बेहद करीब से निकल गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते चालक ने अचानक एसपी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली उनके माथे के पास से गुजर गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असल वजह क्या थी और घटना को अंजाम देने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था।
इस घटना ने इसलिए भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि शनिवार को ही हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से कई मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य वीवीआईपी हरिद्वार पहुंचे थे। ऐसे संवेदनशील मौके पर आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही चालक द्वारा गोली चलाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।











