Ad

हरिद्वार:- पाकिस्तान कनेक्शन से करोड़ों के ट्रांजेक्शन का शक, कलियर से युवती गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस की तड़के छापेमारी से इलाके में मचा हड़कंप

हरिद्वार जिले के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में बुधवार तड़के जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया। युवती पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन करने के आरोप हैं। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने कुछ दिन पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि पाकिस्तान के जरिए बड़े स्तर पर नकदी का लेन-देन किया जा रहा था। इसी पूछताछ में ग्राम आसफनगर निवासी एक युवती का नाम भी सामने आया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर पुलिस से संपर्क कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:- बकरीद को लेकर नैनीताल प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में, DM ललित मोहन रयाल और SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद संभाला मोर्चा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के पुलिस टीम आसफनगर पहुंची और संदिग्ध युवती की तलाश शुरू की। पुलिस को उसकी पहचान सुनिश्चित करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान होने के बाद युवती को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। हालांकि मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन पुलिस को करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम सुराग मिलने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:- बकरीद और पर्यटन सीजन को लेकर अलर्ट मोड में नैनीताल पुलिस, SSP मंजुनाथ टीसी ने जारी किए सख्त निर्देश

स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और आसपास के लोग भी हैरान रह गए। इलाके में यह चर्चा तेजी से फैल गई कि युवती पाकिस्तान के जरिए होने वाले संदिग्ध नकदी ट्रांजेक्शन नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: ईद की नमाज के लिए डीएसए मैदान में मिली अनुमति, प्रशासन को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश……

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। लोग हैरानी जता रहे हैं कि आखिर पाकिस्तान के माध्यम से इतने बड़े स्तर पर नकदी का ट्रांजेक्शन लंबे समय से कैसे संचालित हो रहा था। वहीं, पिरान कलियर कोतवाली के एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह केस जम्मू-कश्मीर में दर्ज मामले से संबंधित है और स्थानीय पुलिस ने केवल आवश्यक सहयोग प्रदान किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सम्बंधित खबरें