
हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार रात बिजली के करंट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। एसी का आउटर ठीक करते समय करंट की चपेट में आए पिता को बचाने पहुंची 12 वर्षीय बेटी भी बिजली की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में दोनों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे वनभूलपुरा की लाइन नंबर 16 स्थित लाल मस्जिद के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय नदीम कार के गैराज में काम करते थे। सोमवार रात एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए वह छत पर गए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।
नदीम की चीख सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पिता को करंट की चपेट में आया देख उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिस्बा उन्हें बचाने के लिए दौड़ी। बताया जा रहा है कि पिता को जैसे ही उसने हाथ लगाया, वह भी बिजली की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई और दोनों को आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
खुले बिजली पोल से करंट फैलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान पास में स्थित खुले बिजली के पोल से करंट फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट किस वजह से फैला, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
वनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पिता-पुत्री के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
किताबों की उम्र में पिता को बचाने निकली बेटी
अलिस्बा नदीम की तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी और गुरु तेग बहादुर स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। जिस उम्र में उसके हाथों में किताबें और स्कूल बैग होने चाहिए थे, उसी उम्र में वह अपने पिता की जान बचाने के लिए करंट से जूझ पड़ी और खुद भी जिंदगी की जंग हार गई।
पिता-पुत्री की एक साथ मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। हादसे की खबर सुनकर आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक मौत से वनभूलपुरा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।










