पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से एक दुखद घटना सामने आई है। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, घुड़दौड़ी के बीटेक द्वितीय वर्ष के 18 वर्षीय छात्र ओम नेगी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ओम नेगी मूल रूप से पौड़ी के गहड़ गांव का निवासी था। इन दिनों उसका परिवार पौड़ी के ब्लॉक रोड स्थित ब्लॉक कॉलोनी परिसर में रह रहा था। मंगलवार शाम ओम के पिता प्रदीप सिंह नेगी अपनी पत्नी के साथ बाजार गए हुए थे। घर में अकेला होने पर ओम ने अपने कमरे में पंखे से चुनरी के सहारे फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद जब माता-पिता घर लौटे तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पौड़ी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पौड़ी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजविक्रम पंवार और कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच की गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि ओम नेगी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता चंडीगढ़ स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत हैं और इन दिनों घर आए हुए थे। उसकी एक बड़ी बहन भी है, जो पढ़ाई कर रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।










