काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। बुधवार रात करीब 10 बजे कथित बॉयफ्रेंड जॉनी के फोन पर घर से निकली कांति गुरुवार सुबह घर से करीब पांच किलोमीटर दूर रामनगर रोड पर धनौरी गांव के पास मृत मिली। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथमदृष्टया पुलिस को आशंका है कि किसी हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई। घटना के बाद से जॉनी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रात 10 बजे आया फोन, मां ने रोका तो बोली- जल्द लौट आऊंगी
जानकारी के अनुसार, काशीपुर की डिफेंस कॉलोनी निवासी कांति के मोबाइल पर बुधवार रात करीब 10 बजे जॉनी का फोन आया। आरोप है कि उसने कांति को घर से बाहर बुलाया। बेटी को रात में बाहर जाने से उसकी मां बिंदुल देवी ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कांति नहीं मानी। उसने मां से कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगी और घर से निकल गई। बताया जा रहा है कि कांति ने बाहर से घर का गेट भी बंद कर दिया था।
रातभर नहीं लौटी, सुबह सड़क किनारे मिली लाश
कांति के घर से निकलने के बाद परिजन उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह पूरी रात घर नहीं पहुंची। गुरुवार सुबह करीब छह बजे काशीपुर-रामनगर रोड पर धनौरी गांव के पास राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की पहचान कांति के रूप में हुई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। कांति के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि उसके सिर पर किसी हथियार से हमला किया गया। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
छह महीने पहले मॉडलिंग के नाम पर संपर्क में आया था जॉनी
परिजनों के मुताबिक, रामनगर रोड स्थित रामपुर निवासी जॉनी करीब छह महीने पहले कांति के संपर्क में आया था। आरोप है कि उसने कांति को मॉडलिंग कराने और इस क्षेत्र में आगे बढ़ाने का झांसा दिया था। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे।
कांति की मां का आरोप है कि जॉनी उनकी बेटी को परिवार के खिलाफ भड़काता था। वह कथित तौर पर कांति से कहता था कि उसके घरवाले उसका भला नहीं चाहते और वह उसे मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा। जॉनी को लेकर पिछले कई महीनों से परिवार में विवाद भी होता था।
परिवार से दूर करने का आरोप
मां के अनुसार, कांति जॉनी की बात ज्यादा मानती थी। परिवार के सदस्य उसे समझाते तो वह उनसे बहस करने लगती थी। परिजनों का आरोप है कि जॉनी कांति को धीरे-धीरे परिवार से दूर करने की कोशिश कर रहा था।
इसी साल पास किया था हाईस्कूल
कांति ने इसी साल काशीपुर के पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह परिवार की छोटी बेटी थी। उसकी बड़ी बहन शांति देहरादून की एक कंपनी में काम करती है। परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है और करीब 22 वर्षों से काशीपुर में रह रहा है। कांति के पिता दिव्यांग हैं और चौकीदार के रूप में काम करते हैं।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां बोली- आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले
बेटी की मौत के बाद मां बिंदुल देवी ने जॉनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बेटी को फोन कर घर से बुलाने के बाद वह फरार हो गया। उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
पुलिस खंगाल रही पूरी कहानी, आरोपी की तलाश तेज
एसपी के मुताबिक, अभी परिजनों की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर से निकलने के बाद कांति जॉनी के साथ कहां गई और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ।
पुलिस की जांच अब जॉनी के इर्द-गिर्द केंद्रित है। आरोपी के पकड़े जाने और पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हत्या की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।










