हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रविवार को एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला हादसा सामने आया। लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रशर पर डंपर में खनन सामग्री लोड करते समय हेल्पर रेत में दब गया, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। डंपर रेत लेकर सीधे निर्माण स्थल पहुंच गया, जहां मजदूरों द्वारा रेत फैलाने के दौरान उसमें से एक हाथ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेत हटवाई तो उसमें से युवक का शव बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान बिंदुखत्ता के हाटाग्राम इंदिरा नगर निवासी 30 वर्षीय पवन सिंह पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है, जो डंपर में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोडिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रविवार को डंपर चालक के मौजूद न होने पर पवन सिंह स्वयं डंपर लेकर लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रशर पहुंचा था। लोडिंग के दौरान वह डंपर के डाले पर पट्टा लगाने के लिए ऊपर चढ़ा। इसी बीच लोडर चालक ने खनन सामग्री डालनी शुरू कर दी और पवन सिंह रेत के ढेर में दब गया। किसी भी कर्मचारी को इस बात का अंदाजा नहीं लग सका कि हेल्पर डंपर के अंदर ही दब चुका है।
निर्माण स्थल तक पहुंच गया डंपर
लोडिंग पूरी होने के बाद डंपर कुछ देर स्टोन क्रशर परिसर में खड़ा रहा। बाद में दूसरा चालक उसे काठगोदाम चौफुला स्थित नहर कवरिंग के निर्माण कार्य स्थल पर ले गया। वहां डंपर से पूरी रेत खाली कर दी गई, लेकिन तब भी किसी को अंदर दबे युवक की जानकारी नहीं हो सकी।
रेत फैलाते समय दिखा हाथ, मचा हड़कंप
निर्माण स्थल पर मजदूर जब रेत फैला रहे थे, तभी उन्हें रेत के बीच से एक हाथ दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और रेत हटवाई, जहां से पवन सिंह का शव बरामद हुआ। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
एसपी सिटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक की मौत रेत में दबने से होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
पवन सिंह लंबे समय से डंपर में हेल्पर के रूप में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने स्टोन क्रशर और खनन कार्यों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोडिंग के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन होता तो शायद एक मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










