कैंचीधाम/नैनीताल। आगामी 15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंदिर परिसर स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर समिति, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं।
डीएम ने कहा कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मधुर व्यवहार करें ताकि यहां से सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के निर्देश भी दिए।
शिप्रा नदी और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि शिप्रा नदी में किसी भी प्रकार का कूड़ा न गिरने दिया जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिक तैनात किए जाएं तथा नदी को विभिन्न जोन में बांटकर लगातार निगरानी रखी जाए।
साथ ही नगर पालिका भीमताल, भवाली एवं जिला पंचायत को मेले के दौरान व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्याप्त संख्या में पर्यावरण मित्रों की तैनाती के साथ-साथ कूड़े के नियमित निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
शटल सेवा स्थलों पर होंगी सभी जरूरी सुविधाएं
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों से शटल सेवाएं संचालित होंगी वहां पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, टेंट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। प्रत्येक शटल सेवा केंद्र पर राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग का एक-एक प्रतिनिधि तैनात रहेगा।
उन्होंने परिवहन निगम को बस एवं टैक्सी किराए की जानकारी वाले फ्लेक्स बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
11 स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट, बसों-टैक्सियों की होगी फिटनेस जांच
मेले के दौरान 11 स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे, जिनमें पानी की निरंतर उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे।
परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि मेले में संचालित होने वाली सभी बसों एवं टैक्सियों की फिटनेस जांच, पर्याप्त ईंधन तथा चालक-परिचालकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मेले के दौरान नहीं लगेंगे फूड वैन और भंडारे
बैठक में निर्णय लिया गया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेले के दौरान मार्गों पर किसी भी प्रकार के ठेले, फूड वैन अथवा भंडारे लगाने की अनुमति नहीं होगी।
एसएसपी ने बताया ट्रैफिक और सुरक्षा प्लान
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों को यात्रा मार्ग से सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने तथा सड़क किनारों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तैनात रहेंगी मेडिकल टीमें
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र में तीन एंबुलेंस तथा मेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण के लिए वैकल्पिक योजना भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
254 बसें और 250 टैक्सियां करेंगी श्रद्धालुओं की सेवा
बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी ने जानकारी दी कि कैंचीधाम मेले के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली और खैरना से शटल सेवा संचालित की जाएगी। इसके लिए 254 बसें और 250 टैक्सी/मैक्सी कैब तैनात की गई हैं।
निर्धारित किराया इस प्रकार रहेगा—
हल्द्वानी से कैंचीधाम – ₹150 प्रति व्यक्ति
नैनीताल एवं भीमताल से कैंचीधाम – ₹100 प्रति व्यक्ति
भवाली एवं खैरना से कैंचीधाम – ₹50 प्रति व्यक्ति
(सभी किराए एक तरफ की यात्रा के लिए निर्धारित किए गए हैं।)
बैठक में ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप शाह, आलोक चोपड़ा, शैलेंद्र शाह, पवन रघुवंशी सहित पुलिस, प्रशासन, परिवहन निगम, व्यापार मंडल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










