

हल्द्वानी। छठ पूजा के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में 15 और 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि रामपुर रोड से आने-जाने वाले वाहनों समेत अन्य रूटों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा। इस दौरान दूध, गैस, तेल और सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को भी निर्धारित बाईपास मार्गों से गुजरना होगा। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य कर लें।
रामपुर रोड से आने-जाने वाले वाहनों का बदला रूट
रामपुर रोड से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाली बसों, कारों और दोपहिया वाहनों को गन्ना सेंटर तिराहा से गौरापड़ाव और तीनपानी होते हुए भेजा जाएगा। इसके अलावा पंचायतघर तिराहा से आनंदपुर, आरटीओ रोड और छड़ायल चौराहा होते हुए भी वाहनों का संचालन किया जाएगा।
शीतल होटल तिराहा से आने वाले वाहनों को तीनपानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि टीपी नगर तिराहा से आने वाले वाहन सतवाल पेट्रोल पंप और होंडा शोरूम तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
वहीं, हल्द्वानी से रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सिंधी चौराहा से मंगलपड़ाव, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा और होंडा शोरूम तिराहा होते हुए निकाला जाएगा। अन्य वाहनों के लिए एफटीआई तिराहा से गांधी इंटर कॉलेज तिराहा होकर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
सुशीला तिवारी अस्पताल जाने वालों को अपनाना होगा वैकल्पिक मार्ग
पीलीकोठी, मुखानी और जेल रोड की ओर से आईटीआई तिराहा होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। ऐसे वाहन जी-मॉल से रणवीर गार्डन और देवलचौड़ तिराहा होते हुए अस्पताल पहुंच सकेंगे।
इन मार्गों पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी आवाजाही
छठ पूजा के दौरान शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- फायर स्टेशन तिराहा से राज पैलेस होटल तिराहा की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- कैंसर अस्पताल तिराहा और एफटीआई तिराहा से सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
- टीपी नगर तिराहा से एफटीआई तिराहा के बीच सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी संचालित नहीं हो सकेंगे।
पुलिस की अपील, डायवर्जन प्लान का करें पालन
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से अस्पताल जाने वाले लोगों और आवश्यक कार्य से घर से निकलने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे पहले से वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।










