

हल्द्वानी। मुखानी नाबालिग गैंगरेप प्रकरण में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का सख्त एक्शन लगातार जारी है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था। अब एसएसपी के निर्देशन में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अपराध में इस्तेमाल किए गए त्रिशूल होमस्टे पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया है।
शनिवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्रिशूल होमस्टे पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि नाबालिग को बिना पहचान पत्र (आईडी) का सत्यापन किए होमस्टे में कमरा उपलब्ध कराया गया था। इसी होमस्टे परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो अधिनियम के तहत गंभीर अपराध को अंजाम देने में किया गया।
बिना आईडी सत्यापन के कमरा, अब पूरे होमस्टे पर प्रशासन का ताला!
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान त्रिशूल होमस्टे के संपूर्ण परिसर को सील कर दिया गया। साथ ही होमस्टे के संचालन, आईडी सत्यापन प्रक्रिया और अन्य अनियमितताओं को लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित प्रबंधन की भूमिका और नियमों के उल्लंघन के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
SSP मंजूनाथ टी.सी. का सख्त संदेश—अपराधियों के साथ लापरवाही बरतने वालों की भी खैर नहीं!
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब अपराध में इस्तेमाल किए गए ठिकाने पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की है। जिला प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अपराधियों को संरक्षण देने, नियमों की अनदेखी करने अथवा अपराध के लिए ठिकाना उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि नाबालिगों और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के साथ-साथ ऐसी घटनाओं को संभव बनाने वाली लापरवाही पर भी प्रशासन का शिकंजा कसेगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











