
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट माजरा बस्ती में गुरुवार सुबह घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, चंडीघाट माजरा बस्ती निवासी राजकिशोर की बेटियां अनिता (5) और सरिता (3) गुरुवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों बहनें उसकी चपेट में आ गईं।
एक मासूम की मौत, दूसरी जिंदगी की जंग लड़ रही
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय सरिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अनिता का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है।
मासूम बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोगों ने फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बिना नंबर प्लेट की थी कार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना करने वाली कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे उसकी पहचान में कठिनाई हो रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










