
हल्द्वानी। भुजियाघाट के पास गौला नदी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से तेज बहाव में बहे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा का शव बरामद हो गया। आदित्य रामपुर रोड स्थित टीपी नगर क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन उसकी सलामती की उम्मीद में लगातार तलाश का इंतजार करते रहे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को आदित्य टम्टा भुजियाघाट के पास गौला नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
टीमों ने भुजियाघाट से लेकर नदी के आसपास के इलाकों में काफी देर तक किशोर की तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद आदित्य का शव राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में गौला नदी के तेज बहाव और नदी किनारे बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है।










