
लालकुआँ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रेम चुनरिया बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘दीदी-बहनी उत्सव’ भावनाओं और भाई-बहन के स्नेह का यादगार मंच बन गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों से बड़ी संख्या में पहुंचीं बहनों ने भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मातृशक्ति की भारी मौजूदगी ने पूरे आयोजन को उत्सव के रंग में रंग दिया। बहनों ने पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी को राखी बांधी। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह के साथ सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देखने को मिला।
बहनों के स्नेह से अभिभूत दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि मातृशक्ति का प्रेम और आशीर्वाद उनके लिए किसी बड़ी ताकत से कम नहीं है। उन्होंने बहनों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मंच का संचालन तारा पांडे और कंचन भट्ट ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नवीन पपोला, अरुण जोशी, राजकुमार सेतिया, बॉबी सम्मल, संजय अरोरा, अरुण प्रकाश, राजलक्ष्मी पंडित, ममता चौहान, आनन्दी बिष्ट, देवेन्द्र सिंह बिष्ट, गोपाल जोशी, विमल काण्डपाल, रोहन चौधरी, ललित प्रसाद समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और चारों मंडलों से पहुंची बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश भी दिया कि रक्षाबंधन का पर्व आज पारिवारिक रिश्तों से आगे बढ़कर समाज में भाईचारे, सम्मान और महिला सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है।










