
टिहरी गढ़वाल। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वाहन संख्या UK08 BL 0387 के कुंडधार के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं अफजाल का 16 वर्षीय पुत्र अरम गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे रेस्क्यू के बाद उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया।
घूमने के लिए निकला था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करते थे। शुक्रवार को वह परिवार के साथ पौड़ी की ओर घूमने निकले थे। कुंडधार के पास अचानक बोलेरो अनियंत्रित हुई और देखते ही देखते करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी सामने आई है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। हालांकि वाहन में सवार लोगों की संख्या और लापता व्यक्ति के संबंध में पुलिस की ओर से अंतिम पुष्टि की जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा वाहन में तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ।
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही हरिद्वार के रायपुर जीतपुर गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से ग्रामीण स्तब्ध हैं। हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।










