

बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सड़कों पर बेखौफ संचालन, विद्युत पोल टूटने पर भी कार्रवाई में देरी का आरोप; पुलिस के रवैये से नाराज अध्यक्ष ने किया ‘कलम डाउन’ का ऐलान
लालकुआं। लालकुआं की सड़कों पर दौड़ रहे बेलगाम वाहनों को लेकर अब मामला सड़क सुरक्षा से आगे बढ़कर पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तक पहुंच गया है। बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खुलेआम संचालन से लेकर सड़क हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी तक के मुद्दे पर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह लोटनी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने व्यवस्था की ऐसी तस्वीर सामने रखी, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब नगर क्षेत्र में विद्युत पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले वाहनों को लेकर अध्यक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। लोटनी के अनुसार, कुछ दिन पहले भी एक वाहन डिवाइडर पर लगे विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर चुका था, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। बुधवार को फिर लालकुआं चौराहे से डॉल्बी फील्ड की ओर जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर उन्हें सूचना मिली। इनमें एक वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। इसी दौरान एक वाहन की टक्कर से विद्युत पोल दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया।
अध्यक्ष का आरोप है कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर वाहनों को रुकवाया और कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा को फोन कर पुलिस कार्रवाई की मांग की। हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि घटनास्थल कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर था, इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। आरोप है कि कार्रवाई के बजाय उन्हें ही किनारे कर दिया गया और वाहनों को वहां से रवाना कर दिया गया।
हादसों का खतरा, चोरियों पर सवाल और शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग का आरोप
सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, जबकि कुछ अपनी जान तक गंवा चुके हैं। इसके बावजूद बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कोतवाली के समीप शराब की दुकानों पर कथित ओवररेटिंग का मुद्दा उठाते हुए भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने नगर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर भी नाराजगी जताई। उनका सवाल है कि जब कोतवाली से नगर का दायरा महज एक किलोमीटर के आसपास है, तो फिर चोरियों पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा? पुलिस के आला अधिकारियों और जिलाधिकारी से संपर्क नहीं हो पाने की बात कहते हुए उन्होंने व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
पुलिस के रवैये से आहत अध्यक्ष का कलम डाउन, अब आगे की रणनीति पर नजर
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और जनता द्वारा चुने गए नगर के प्रथम नागरिक की शिकायत पर भी गंभीरता नहीं दिखाई जाती, तो आम नागरिकों की सुनवाई किस तरह होती होगी? पुलिस के कथित रवैये से आहत होकर उन्होंने कलम डाउन करने का ऐलान किया है। साथ ही बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
इधर, कोतवाल का पलटवार नहीं, अपना पक्ष: टीम भेजी थी, ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली
दूसरी ओर कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा ने अध्यक्ष के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। मौके पर हल्ला और विवाद बढ़ने की स्थिति बनने पर वह स्वयं पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को हटाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया गया तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अब सवाल सिर्फ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई का नहीं, बल्कि लालकुआं की सड़कों पर नियमों को चुनौती दे रहे वाहनों पर स्थायी अंकुश लगाने का है। अध्यक्ष के आरोप और कोतवाल के जवाब के बीच सच्चाई क्या है, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही को बहस के केंद्र में जरूर ला दिया है।











