दीपावली पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 18 वारंटी गिरफ्तार, देखें अपडेट….

ADVERTISEMENTS Ad

जिलेभर में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, रामनगर में सात और बनभूलपुरा में पांच वारंटी दबोचे; लालकुआं के मोटाहल्दू से भी एक फरार वारंटी गिरफ्तार

लालकुआं/नैनीताल। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के साथ ही जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 18 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (NBW) की तामील करते हुए की गई इस कार्रवाई से फरार वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र एवं एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष अभियान में जिले की अलग-अलग पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दबिश देकर वारंटियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान रामनगर पुलिस ने सर्वाधिक सात और बनभूलपुरा पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा काठगोदाम से दो तथा तल्लीताल, हल्द्वानी, लालकुआं और बेतालघाट से एक-एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया।

रामनगर में सात वारंटी गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रामनगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सात वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में भवानीगंज गूलरघट्टी निवासी मौ. अनवर पुत्र हाजी सगीर अहमद, उदयपुरी बंदोबस्ती निवासी प्रीतपाल सिंह कड़ाकोटी पुत्र कुंदन सिंह, थारी हल्दुवा निवासी ज्योति कौर पत्नी धर्मेंद्र सिंह, तुमड़िया डाम मालधन चौड़ निवासी रोशन लाल पुत्र सज्जन सिंह, गोविंदपुर तुमड़िया निवासी रमेश सिंह पुत्र स्व. संता सिंह, तुमड़िया डाम-1 चंद्रनगर निवासी कुलवंत सिंह पुत्र अरुद सिंह तथा तुमड़िया डाम-1 मालधन निवासी सोनू सिंह पुत्र निरंजन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने अभियान के दौरान एक अभियोग का निस्तारण भी किया।

बनभूलपुरा में पांच वारंटी पुलिस की गिरफ्त में

कोतवाली बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें गफूर बस्ती निवासी फिरोज उर्फ पकिया पुत्र मौ. अबगर, लाइन नंबर 18 निवासी फैजान उर्फ मुन्ना पुत्र मौ. एजाज, लाइन नंबर 13 मीट मार्केट के पीछे निवासी मौ. आमिर कुरैशी पुत्र इकबाल कुरैशी, चिग्गा अली बाबा की मजार के पास लाइन नंबर 18 निवासी भूरा पुत्र बाबू तथा गांधीनगर लाल स्कूल के पास निवासी नाजिम हुसैन पुत्र साबिर हुसैन शामिल हैं।

काठगोदाम और हल्द्वानी में भी कार्रवाई

कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में जमरानी रोड टेंपो स्टैंड दमुवाढूंगा निवासी जोगेंद्र प्रसाद पुत्र गुसाईं राम तथा रामलाल कॉलोनी गौलापार निवासी विनोद आर्या पुत्र रमेश चंद्र आर्या को गिरफ्तार किया। वहीं कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में तिकोनिया सखावतगंज निवासी रोहित कर्मवाल उर्फ लकी शूटर पुत्र कुंवर सिंह को गैर जमानती वारंट के तहत गिरफ्तार किया।

लालकुआं के मोटाहल्दू से पवन जोशी गिरफ्तार

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में भी ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के नेतृत्व में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी की टीम ने किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू निवासी पवन जोशी पुत्र कृष्णानंद जोशी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को न्यायालय हल्द्वानी से जारी गैर जमानती वारंट की तामील करते हुए यह कार्रवाई की।

तल्लीताल और बेतालघाट पुलिस ने भी दबोचे वारंटी

तल्लीताल कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में हरिनगर तल्लीताल निवासी विजय कुमार पुत्र बिहारी लाल को धारा 138 एनआई एक्ट के मामले में जारी गैर जमानती वारंट के तहत गिरफ्तार किया। वहीं बेतालघाट पुलिस ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में ग्राम नैनीचक हल्सों कोरड़ निवासी भरत सिंह पुत्र नंदन सिंह को आबकारी अधिनियम की धारा 60 के मामले में जारी वारंट के तहत 10 नवंबर को उसके घर से गिरफ्तार किया।

न्यायालय में पेश किए जा रहे सभी गिरफ्तार वारंटी

नैनीताल पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत गिरफ्तार किए गए सभी 18 वारंटियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फरार वारंटियों, अपराधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें