उत्तराखंड:- दोस्ती का खौफनाक अंत! नशे के इंजेक्शन पर भिड़े दो दोस्त, एक ने दूसरे दोस्त को उतारा मौत के घाट, जाने पूरा मामला….

ADVERTISEMENTS Ad

नशे के एक इंजेक्शन ने ले ली दोस्त की जान! 20 वर्षीय अभय की गला घोंटकर हत्या, शव गटर में छिपाया; मोबाइल लौटाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

खटीमा में चर्चित अभय हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, नशे के इंजेक्शन को लेकर दो दोस्तों के बीच हुआ था विवाद; आरोपी संजय गुप्ता गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल नाड़ा और 600 रुपये बरामद

खटीमा/ऊधमसिंह नगर। नशे की लत किस कदर इंसान को हैवान बना सकती है, इसकी एक सनसनीखेज तस्वीर खटीमा में सामने आई है। जिस दोस्त के साथ बैठकर नशा करने की तैयारी कर रहा था, उसी ने मामूली विवाद में अपने 20 वर्षीय साथी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घटनास्थल से महज 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस की पकड़ से बचने के लिए मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर लौटा दिया कि फोन उसे रास्ते में पड़ा मिला था। हालांकि, पुलिस की जांच में आरोपी की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। पुलिस ने चर्चित अभय हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में अवैध पार्किंग पर प्रशासन का शिकंजा, दर्जनों वाहनों के चालान.....

पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उसका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अभय के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की। इसी बीच पुलिस को संजय गुप्ता पर संदेह हुआ। बताया गया कि संजय ने 8 नवंबर को अभय का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर वापस किया था कि उसे फोन रास्ते में पड़ा मिला है। इस संदिग्ध गतिविधि के बाद पुलिस ने संजय को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अभय की हत्या करने और शव को गटर में छिपाने की बात स्वीकार कर ली।

यह भी पढ़ें 👉  दीपावली पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 18 वारंटी गिरफ्तार, देखें अपडेट....

इंजेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद, दोस्त ने ही घोंट दिया गला

पुलिस के मुताबिक, संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले। इसके बाद दोनों कॉलोनी के पीछे स्थित खाली मैदान में चले गए। वहां दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके ही लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव गटर में फेंका, रुपये और मोबाइल लेकर हुआ फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अभय के पास मौजूद करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया, ताकि किसी को वारदात का पता न चल सके। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अगले दिन मृतक का मोबाइल उसके बड़े भाई रवि को लौटा दिया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए फोन रास्ते में मिलने की कहानी सुना दी।

यह भी पढ़ें 👉  दीपावली पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 18 वारंटी गिरफ्तार, देखें अपडेट....

दीपावली पर खर्च कर दिए हत्या के बाद लूटे रुपये

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अभय से मिले 2,300 रुपये में से उसने 1,700 रुपये दीपावली के दौरान खर्च कर दिए, जबकि शेष 600 रुपये उसके पास बचे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोअर का नाड़ा और शेष 600 रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही शव को भी बरामद कर लिया गया है।

इस तरह पुलिस ने गुमशुदगी के रूप में सामने आए मामले की कड़ियां जोड़ते हुए उसे हत्या के सनसनीखेज मामले के रूप में उजागर किया। महज नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। वहीं, इस घटना ने क्षेत्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके भयावह परिणामों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें