Ad

लालकुआँ:- राशन कार्ड सत्यापन में बड़ा खुलासा: 501 कार्डों की जांच में 40 अपात्र बेनकाब, प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

लालकुआं। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान ने खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (पीला राशन कार्ड) में वर्षों से चल रहे फर्जीवाड़े की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। प्रशासन की घर-घर जांच में ऐसे कई परिवार सामने आए हैं, जिनकी आय निर्धारित मानकों से अधिक होने के बावजूद वे सरकारी राशन का लाभ उठा रहे थे।

मंगलवार को उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान बंगाली कॉलोनी में 317 तथा शास्त्री नगर में 54 राशन कार्डों की जांच की गई। कुल 371 राशन कार्डों के सत्यापन में 32 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए। इनमें बंगाली कॉलोनी के 20 और शास्त्री नगर के 12 कार्डधारक शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव में तस्वीर साफ होने लगी, 17वें चरण के बाद कई पदों पर बढ़त मजबूत

अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया कि कई लाभार्थियों के परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, निजी कंपनियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य आय स्रोतों से जुड़े हैं। इसके बावजूद वे खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सरकारी राशन प्राप्त कर रहे थे। 1 जून से शुरू हुए अभियान के पहले दो दिनों में कुल 501 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया, जिसमें 40 अपात्र कार्डधारकों की पहचान हुई है। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का मानना है कि जैसे-जैसे सत्यापन अभियान आगे बढ़ेगा, अपात्र लाभार्थियों की संख्या और बढ़ सकती है। बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय तथा 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद पर बढ़ी सरगर्मी, 16वें चरण के बाद मुकाबला दिलचस्प

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी राशन लेने से वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों का हक प्रभावित होता है। इसलिए पात्रता मानकों से बाहर पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खुद कार्ड जमा करें, वरना होगी कार्रवाई

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं से मिली जानकारी के अनुसार कई ऐसे परिवार, जो अब राशन कार्ड की पात्रता से बाहर हो चुके हैं, स्वेच्छा से अपने सफेद और पीले राशन कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि जिन परिवारों की आय निर्धारित सीमा से अधिक हो चुकी है, वे स्वयं अपने राशन कार्ड जमा कर दें। सत्यापन में अपात्र पाए जाने पर कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ:- हल्दूचौड़ में बड़ी चोरी! बंद पड़े मकान का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और कीमती सामान ले उड़े चोर, जाँच में जुटी पुलिस

एक माह तक चलेगा अभियान

उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि राशन कार्ड सत्यापन अभियान एक माह तक जारी रहेगा। इसके लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। अपात्र पाए जाने वाले राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे और पूरी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।

फोटो परिचय: बिंदुखत्ता क्षेत्र में घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन करती प्रशासनिक टीम।

सम्बंधित खबरें