
हल्द्वानी- प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आम जनता की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। कैबिनेट मंत्री ने 700 से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने, आमजन के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने और जनता का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
जनता दरबार में नगर आयुक्त हल्द्वानी, जिला विकास अधिकारी (DDO) नैनीताल, एसडीएम धारी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव सहित बिजली, जल संस्थान, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई कर लोगों को राहत प्रदान की।
जनता दरबार में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस पहल को प्रभावी मंच मान रहे हैं, वहीं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि जनता के काम में किसी भी तरह की कोताही अब स्वीकार नहीं होगी।










