
हल्दूचौड़। जन्मदिन की खुशियां जब जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने के काम आएं, तो खुशी का यह अवसर और भी खास बन जाता है। इसी सोच के साथ अविघ्ना टेलीमेशन, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) के ऑनर एवं समाजसेवी अमित कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट को ₹21,000 की सहयोग राशि प्रदान की।
समाजसेवी शुभम अंडोला द्वारा स्थापित हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए लगातार सेवा अभियान चला रहा है। इसी अभियान से प्रभावित होकर अमित कुमार ने अपने जन्मदिन को जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया।
अमित कुमार ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना उनके लिए खुशी और संतोष का विषय है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सेवा कार्यों में सहयोग जारी रखने की बात कही।
ट्रस्ट के संस्थापक शुभम अंडोला ने अमित कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा कार्यों के लिए मिलने वाला प्रत्येक सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नोएडा में रहते हुए भी अमित कुमार ने हल्दूचौड़ क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। अपने जन्मदिन पर 21 हजार रुपये जरूरतमंदों के लिए समर्पित करना समाज के सक्षम लोगों के लिए प्रेरणादायी संदेश है।
शुभम अंडोला ने कहा कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी अन्य शुभ अवसर को केवल व्यक्तिगत खुशी तक सीमित रखने के बजाय उसका कुछ हिस्सा जरूरतमंद परिवारों के साथ साझा किया जाए, तो किसी के जीवन में उम्मीद और मुस्कान लाई जा सकती है। ट्रस्ट का उद्देश्य भी ऐसे ही परिवारों तक सहायता पहुंचाना है, जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है।
उन्होंने अमित कुमार एवं उनके परिवार के प्रति आभार जताते हुए भगवान भोलेनाथ से उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आकर जरूरतमंदों की सेवा में सहयोग देने की अपील की।










