हल्द्वानी:- त्योहारों और विधानसभा सत्र को लेकर SSP मंजूनाथ टीसी सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 36 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान…. देखें अपडेट…

ADVERTISEMENTS Ad

अपराधियों, नशा तस्करों और जुआ-सट्टा कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा, अवैध संपत्तियों की भी होगी जांच | लंबित विवेचनाओं में ढिलाई पर नाराजगी, ठंडी सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ चलेगा अभियान

हल्द्वानी। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और आगामी विधानसभा सत्र को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और ड्यूटी के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को गश्त, चेकिंग, सत्यापन और निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के साथ अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने के निर्देश दिए।

मंगलवार को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधानसभा सत्र के मद्देनजर होटल-रेस्टोरेंट की जांच, सघन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में प्रशासन का छापा! दो क्लीनिक सील, जन औषधि केंद्र के लाइसेंस पर लटकी तलवार.....

जुआ-सट्टा और नशा तस्करी पर चलेगा अभियान

एसएसपी ने जुआ-सट्टा कारोबारियों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच करने तथा नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

त्योहारी सीजन में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी पुलिस और अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने को कहा गया। पटाखा बाजारों में अग्निशमन वाहनों और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने को कहा गया।

लंबित विवेचनाओं में ढिलाई पर नाराजगी

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित अभियोगों और विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विवेचनाओं की नियमित समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण जांच, प्रभावी साक्ष्य संकलन और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, साइबर ठगी की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान और ठगी की रकम वापस कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में प्रशासन का छापा! दो क्लीनिक सील, जन औषधि केंद्र के लाइसेंस पर लटकी तलवार.....

थानों में लंबे समय से लंबित माल मुकदमाती वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा गया। वहीं, हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश निरीक्षक यातायात, सीपीयू प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी को दिए गए।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, अनुशासन पर जोर

बैठक के दौरान पुलिस कर्मचारी सम्मेलन में अधिकारी-कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनी गईं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। अभियोजन अधिकारी ने विवेचना और अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया, जबकि चुनाव सेल को पुलिसकर्मियों के मतदाता पहचान पत्रों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की हिदायत देते हुए साफ किया कि विभागीय अनुशासन से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिसकर्मियों का सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह-2022 के अवसर पर विशिष्ट कार्य के लिए फायरमैन सुखदेव सिंह को डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में प्रशासन का छापा! दो क्लीनिक सील, जन औषधि केंद्र के लाइसेंस पर लटकी तलवार.....

इसके अतिरिक्त 33 पुलिसकर्मियों को ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मानित कर्मियों में पुलिस, अभिसूचना, यातायात, अग्निशमन और अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इस प्रकार कुल 36 पुलिसकर्मियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

बैठक में संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित जिले के अन्य अधिकारी, थाना-शाखा प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू प्रभारी और पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

स्पष्ट संदेश: त्योहारों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अपराधियों पर सख्ती और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें