
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों ने फोर्स को ब्रीफ किया और कॉलेज परिसर व आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का संदेश दिया।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचे और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तैनात राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इससे पहले SP क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, SP सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और SP संचार रेवाधर मठपाल ने निर्वाचन ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ किया।
चुनाव की आड़ में अराजकता बर्दाश्त नहीं
SSP ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसकी आड़ में किसी भी तरह की हिंसा, धमकी, दबाव, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। कॉलेज परिसर या आसपास छात्रों को डराने-धमकाने, विवाद पैदा करने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले बाहरी या अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने प्रवेश द्वार, बैरियर, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग, ड्रोन से निगरानी और मोबाइल पुलिस टीमों की लगातार गश्त के निर्देश दिए हैं। जीरो जोन में वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस रहेगा। मतगणना केंद्र पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए GOs-06, इंस्पेक्टर-09, SO/SSI-10, IC/OP/SI-37, LSI-16, अतिरिक्त SI-30, HC-33, LHC-03, कांस्टेबल-77, महिला कांस्टेबल-34 के अलावा एंटी-रायट टीम, टियर गैस, दो फायर यूनिट तथा IRB/PAC की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) तैनात की गई है।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस ने एमबीपीजी कॉलेज और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च व ब्रीफिंग के दौरान CO हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, CO लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और निर्वाचन ड्यूटी में तैनात जवान मौजूद रहे।










