

गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान, कचरे से कमाई और रोजगार सृजन की अनूठी पहल बनी देशभर के लिए मिसाल
लालकुआं (नैनीताल)। छोटे से नगर लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बड़ी पहचान बना दी है। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयोग ने नगर पंचायत लालकुआं को देशभर में गौरवान्वित किया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) की ओर से आयोजित Urban Learnathon 2.0 में नगर पंचायत लालकुआं ने Other ULBs उप-श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद नगर पंचायत को पुरस्कार समारोह का आमंत्रण भी प्राप्त हो गया है। आगामी 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित समारोह में लालकुआं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि लालकुआं ने कचरे को समस्या के बजाय कमाई और रोजगार का माध्यम बनाने का अनूठा मॉडल विकसित किया है। नगर पंचायत की ओर से तैयार किए गए गुलमोहर स्वयं सहायता समूह आधारित आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावशाली छाप छोड़ी है।
दरअसल, नगर पंचायत लालकुआं ने जून 2024 में ‘गुलमोहर’ नाम से उत्तराखंड का पहला पुरुष स्वयं सहायता समूह गठित किया था। इस समूह को घर-घर से कूड़ा एकत्र करने और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। समूह के सदस्य एकत्रित कचरे का पृथक्करण करते हैं और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग कर उसका विक्रय करते हैं। इससे न केवल कचरे का उचित निस्तारण हो रहा है, बल्कि अपशिष्ट प्रबंधन से आय अर्जित करने का रास्ता भी खुला है।
इस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थानीय रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ दिया गया है। स्वयं सहायता समूह की भागीदारी से नगर पंचायत पर संचालन का वित्तीय बोझ कम हुआ है और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने में मदद मिली है।
यह अभिनव पहल स्वच्छ भारत मिशन और दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उद्देश्यों को भी मजबूती प्रदान कर रही है। स्थानीय सहभागिता, रोजगार सृजन और संसाधनों के बेहतर उपयोग का यह मॉडल अब प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आया है।
17 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
Urban Learnathon के तहत शहरी निकायों के नवाचारों, बेहतर कार्यप्रणालियों और सफल प्रयोगों का मूल्यांकन उनकी उपयोगिता, प्रभाव तथा दूसरे शहरों में अपनाए जाने की संभावनाओं के आधार पर किया जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर लालकुआं का विजेता बनना नगर की स्वच्छता व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान है।
लालकुआं के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि एक छोटे नगर ने अपने स्थानीय संसाधनों और जनसहभागिता के दम पर ऐसा मॉडल खड़ा किया, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। 17 नवंबर को मिलने वाला सम्मान न सिर्फ नगर पंचायत के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण होगा।










