लालकुआं में चेयरमैन और कोतवाल के बीच आर-पार की जंग! ट्रांसफर की मांग पर अड़े सुरेंद्र लोटनी, नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान….

ADVERTISEMENTS Ad

कोतवाली में समर्थकों संग धरने पर बैठे चेयरमैन, सीओ लव शर्मा ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा; कार्य बहिष्कार से सफाई व्यवस्था से लेकर आम जनता के जरूरी कामकाज तक पर संकट के आसार।

लालकुआं (नैनीताल)। लालकुआं में ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन के बीच बड़े टकराव का रूप लेता जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के बीच बुधवार सुबह हुई तीखी नोकझोंक ने देर शाम तक राजनीतिक और प्रशासनिक माहौल गरमा दिया। विवाद के विरोध में चेयरमैन अपने समर्थकों, पूर्व सैनिकों और सभासदों के साथ कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए। इतना ही नहीं, देर शाम प्रेस वार्ता कर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होने तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया।

चेयरमैन के इस फैसले से अब लालकुआं की नगर व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यदि कार्य बहिष्कार लंबा खिंचता है तो शहर की सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और नगर पंचायत से जुड़े जरूरी कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। यानी पुलिस और नगर पंचायत के बीच शुरू हुई तकरार का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ सकता है।

ओवरलोड ट्रॉलियों को लेकर शुरू हुआ विवाद, मौके पर पहुंचने पर आमने-सामने आए चेयरमैन और कोतवाल

दरअसल, बुधवार सुबह लालकुआं चौराहे से जंगल की ओर पराली लेकर जा रही कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आवागमन से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और स्थानीय लोगों को परेशानी होने की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी मौके पर पहुंचे थे। अध्यक्ष का आरोप है कि उन्होंने तत्काल कार्रवाई के लिए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा को फोन किया, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

यह भी पढ़ें 👉  हरक सिंह रावत के जैनी प्रकरण में असम CM हिमंत बिस्वा सरमा की एंट्री, बोले.....

चेयरमैन का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके फोन नंबर स्विच ऑफ मिले। काफी देर बाद जब प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया और धक्का देकर उन्हें वहां से हटाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रवाना कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद मामला और अधिक गरमा गया।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा का पक्ष था कि मौके की परिस्थितियों और यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहनों को जाने दिया गया। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन को सीज किए जाने की कार्रवाई की जानकारी भी दी।

कोतवाली में जमीन पर बैठे चेयरमैन, समर्थकों ने भी खोला मोर्चा

सुबह हुए घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने समर्थकों, पूर्व सैनिकों और सभासदों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। बैठक में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र सौंपने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद अध्यक्ष अपने कार्यालय से समर्थकों के साथ पैदल ही क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां अधिकारी मौजूद नहीं मिले। उन्होंने हल्द्वानी के क्षेत्राधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की। कुछ देर में लालकुआं पहुंचने का आश्वासन मिलने के बाद चेयरमैन अपने समर्थकों के साथ कोतवाली परिसर में ही जमीन पर बैठ गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन चेयरमैन अपनी मांगों पर अड़े रहे। समर्थकों ने भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ कथित अभद्रता को गंभीर बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जवाबदेही तय करने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  सरकारी दफ्तरों में सीडीओ का छापा, 15 कर्मचारी मिले गायब! हल्द्वानी से भीमताल तक मचा हड़कंप, देखें पूरी अपडेट...

सीओ लव शर्मा पहुंचे लालकुआं, जांच के भरोसे के बावजूद ट्रांसफर पर अड़े चेयरमैन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा लालकुआं पहुंचे। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके समर्थकों से वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। चेयरमैन की ओर से सौंपे गए शिकायती पत्र के आधार पर उन्होंने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया।

हालांकि, अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने स्पष्ट कर दिया कि केवल जांच के आश्वासन से वह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के स्थानांतरण की मांग उठाई। इस पर सीओ ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच के निष्कर्षों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

देर शाम प्रेस वार्ता में बड़ा ऐलान, ट्रांसफर नहीं तो नगर पंचायत में काम नहीं!

दिनभर चले घटनाक्रम के बाद देर शाम नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने अपना रुख और सख्त कर दिया। उन्होंने ऐलान किया कि जब तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं होती और प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

चेयरमैन के इस ऐलान ने अब विवाद को एक नए मोड़ पर पहुंचा दिया है। सुबह पुलिस के खिलाफ शुरू हुआ विरोध अब नगर पंचायत के कामकाज बंद करने के फैसले तक पहुंच गया है। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने जहां विवाद का निष्पक्ष समाधान निकालने की चुनौती है, वहीं नगर पंचायत की व्यवस्थाएं बनाए रखना भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  दीपावली पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 18 वारंटी गिरफ्तार, देखें अपडेट....

सफाई से लेकर प्रमाण पत्र तक, जनता की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान होने के बाद सबसे बड़ा सवाल शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर खड़ा हो गया है। यदि सफाई कर्मचारियों और कार्यालय के कामकाज पर इसका असर पड़ता है तो सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी बढ़ने की आशंका है। वहीं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विभिन्न नागरिक सुविधाओं और अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए नगर पंचायत पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

लालकुआं की जनता के सामने अब असमंजस की स्थिति है। एक ओर नगर पंचायत अध्यक्ष अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं, तो दूसरी ओर पुलिस प्रशासन जांच के आधार पर कार्रवाई की बात कह रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल: दो जिम्मेदार संस्थाओं की लड़ाई में जनता क्यों भुगते खामियाजा?

इस पूरे घटनाक्रम ने लालकुआं में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पुलिस और नगर पंचायत के बीच पैदा हुई यह तल्खी बातचीत से खत्म हो पाएगी? क्या पुलिस के उच्च अधिकारी निष्पक्ष जांच कर मामले का पटाक्षेप करेंगे? और सबसे अहम सवाल यह कि जब तक विवाद का समाधान नहीं निकलता, तब तक शहर की सफाई और जरूरी नागरिक सेवाओं की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?

फिलहाल लालकुआं में चेयरमैन और कोतवाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने के बजाय और गहराता नजर आ रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस के उच्च अधिकारियों के अगले कदम और नगर पंचायत अध्यक्ष के फैसले पर टिकी हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें