

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के ग्राम किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या के मामले में नैनीताल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसके शव को वाहन से ले जाकर घटनास्थल के पास फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या में प्रयुक्त डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है।
मामले का खुलासा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के बाद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
घर के बाहर मिला महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव का निरीक्षण किया तो महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी), 103(1) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई आरोपियों की करतूत, ऐसे खुला हत्या का राज
हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमों का गठन किया। एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी वाहन के जरिए महिला के शव को घटनास्थल के पास फेंकते हुए भी नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना की बात सामने आई।
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाया हत्या का प्लान
पुलिस के खुलासे के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता गोविंद सिंह की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों सैरान और मोहम्मद अब्बूजर के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला के साथ डंडों, लोहे के पाना और पत्थर से बेरहमी से मारपीट की। वारदात के बाद शव को वाहन संख्या UK04 AN6012 से ले जाकर घटनास्थल के पास फेंक दिया।
फरार होने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास उस समय दबोच लिया गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर।
- सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर।
- मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मोहम्मद विलाल, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर।
हत्या में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तीन डंडे, एक लोहे का पाना और एक पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामद किया गया है।
26 पुलिसकर्मियों की टीम ने सुलझाई गुत्थी
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में रामनगर कोतवाली और एसओजी के कुल 26 पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन, उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, पंकज जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र राजपूत, मनोज सिंह अधिकारी, देवेंद्र राणा, सोमेंद्र सिंह, गणेश जोशी सहित पुलिस और एसओजी के अन्य जवान शामिल रहे।
एसएसपी का सख्त संदेश, अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस हत्याकांड के खुलासे के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की तत्परता और मेहनत की सराहना की तथा टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सक्रिय है।










