
केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचकर व्यक्त की गहरी संवेदनाएं, बोले– मां का स्नेह और संस्कार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर
भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिवंगत माताजी काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। मां का साया उठ जाना परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां केवल परिवार का आधार ही नहीं होतीं, बल्कि उनका स्नेह, त्याग और मार्गदर्शन जीवनभर संतान को प्रेरणा देता रहता है। इस दुखद घड़ी में वे शोकाकुल परिवार के साथ हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए दिवंगत माताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।











