

बागेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बागेश्वर जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने पर बधाई दी।

प्रेस वार्ता में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वर्ष 2014 से अब तक के 12 वर्षों की प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की गरीब कल्याण नीतियों के चलते 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवच दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, हर घर जल मिशन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल, हर घर बिजली तथा उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाकर उसे देश की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू कर पड़ोसी देशों में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। साथ ही ब्रिटिश काल के 1200 से अधिक अप्रासंगिक कानून समाप्त कर भारतीय न्याय प्रणाली में व्यापक सुधार किए गए हैं। आईपीसी और सीआरपीसी के स्थान पर नई भारतीय न्याय संहिता लागू की गई है।
आर्थिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम बन चुका है। यूपीआई और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी व्यवस्थाओं ने पारदर्शिता बढ़ाई है तथा भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका को कम किया है।
उन्होंने बताया कि देश का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है। एयरपोर्ट्स की संख्या 74 से बढ़कर 160 से अधिक हो गई है तथा वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का विस्तार तेजी से किया गया है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और चंद्रयान जैसे मिशनों के माध्यम से वैज्ञानिक क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश को विकास की नई गति मिली है तथा सरकार जनहित और विकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।










