Ad

कुमायूँ परिक्षेत्र को मिला नया नेतृत्व, आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कमान

कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जनसेवा को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता, कैंची धाम मेले की तैयारियों का लिया जायजा

नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमायूँ परिक्षेत्र, नैनीताल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कुमायूँ मंडल की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी ली।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि कुमायूँ परिक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाना तथा जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड:- यहां पानी में उतरा करंट, मां-बेटी की गई जान...

कैंची धाम मेला और पर्यटन सीजन पर रहेगा विशेष फोकस

आईजी कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए पार्किंग, शटल सेवा, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आधुनिक पुलिसिंग और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर जोर

उन्होंने कहा कि पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और अपराध विश्लेषण प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही पुलिस कर्मियों के कल्याण, प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बदलती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर:- विधि में Ph.D. लेकर मनु अग्रवाल ने बढ़ाया रामनगर का मान, डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के मार्गदर्शन व प्रेरणा को दिया विशेष श्रेय....

मीडिया को बताया महत्वपूर्ण साझेदार

पत्रकारों से बातचीत के दौरान आईजी निवेदिता कुकरेती ने मीडिया को समाज में शांति, सुरक्षा और जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यभार संभालते ही पहुँचीं कैंची धाम

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुँचीं और आगामी मेले तथा पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व CM तीरथ रावत का बढ़ा सियासी कद, भाजपा ने सौंपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की कमान….

मंदिर समिति से बेहतर समन्वय की अपील

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन तथा मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

कुमायूँ परिक्षेत्र की कमान संभालते ही आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला सुरक्षा बढ़ाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और पर्यटन सीजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें