Ad

लालकुआँ:- चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी की पहल लाई रंग, लालकुआं में 38 करोड़ की सीवर परियोजना जल्द होगी शुरू….

लालकुआं। लंबे समय से प्रतीक्षित लालकुआं नगर पंचायत की 38 करोड़ रुपये की सीवर परियोजना अब जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। परियोजना के सफल और व्यवस्थित क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत सभागार में आयोजित अहम बैठक में यह तय किया गया कि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि आम जनता और व्यापारियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत नगर क्षेत्र में करीब 12 से 13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा 2100 सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे 1200 से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का नक्शा तैयार हो चुका है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि पूर्व में पेयजल लाइन बिछाने के दौरान लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसलिए इस बार विभाग पहले एक वार्ड का कार्य पूरा करे और उसके बाद ही दूसरे वार्ड में खुदाई शुरू करे। इससे बाजार की गतिविधियां और आम जनजीवन प्रभावित नहीं होगा। पेयजल निगम के अधिकारियों ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए कार्य को चरणबद्ध तरीके से कराने का भरोसा दिया।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर-6 के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से खुदाई की अनुमति मिलनी अभी शेष है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पर चेयरमैन लोटनी ने कहा कि बाईपास बनने के बाद संबंधित मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन आ जाएगा, जिससे सीवर लाइन बिछाने में आ रही बाधाएं स्वतः दूर हो जाएंगी।

बैठक में नई पेयजल व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। अधिशासी अभियंता शशि भूषण शाह ने बताया कि जलापूर्ति शुरू करने से पहले सभी उपभोक्ताओं के घरों में पानी के मीटर लगाए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं से 277 रुपये मासिक फिक्स चार्ज लिया जाएगा, जिसमें 20 हजार लीटर पानी शामिल होगा। निर्धारित सीमा से अधिक पानी की खपत होने पर प्रति 1000 लीटर 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

इस दौरान नगरवासियों ने एक स्वर में मांग की कि पानी का बिल पहले की तरह तीन माह में एक बार ही जारी किया जाए। विभागीय अधिकारियों ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस विषय पर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में पेयजल निगम के सहायक अभियंता वाई.एस. लसपाल, अपर सहायक अभियंता हर्ष बोरा, अनुज सिंह, सहायक अभियंता पुष्कर आर्य, नगर पंचायत के सभासद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें