लालकुआं। उत्तराखंड सरकार में दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के मोटाहल्दू स्थित आवास पहुंचे। यहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, पशुपालन सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री बहुगुणा ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर राहत मिलना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनसेवा को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पशुपालकों से दुग्ध विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और स्वरोजगार को भी मजबूती मिलेगी।
इस दौरान मंत्री बहुगुणा ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों तथा पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, ललित आर्य, देवेंद्र सिंह बिष्ट, संजय अरोड़ा, संजय राणा, कुंदन चुफाल, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, राजकुमार सेतिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










