Ad

ऋषिकेश में बड़ा हादसा: खाई में गिरी स्कॉर्पियो, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की दर्दनाक मौत

ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड पुलिस के शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा देर रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। रात के अंधेरे में हादसे की किसी को भनक नहीं लगी। बुधवार सुबह राहगीरों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन तक पहुंच बनाई। टीम ने विनोद शर्मा के शव को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय वाहन में अन्य कोई सवार था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

विनोद शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी, डोईवाला (देहरादून) के निवासी थे। उत्तराखंड पुलिस में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दी थीं। अपने पुलिस सेवा काल में वह ढालवाला चौकी और कैलाश गेट चौकी के प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे।

मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले विनोद शर्मा पुलिस विभाग में काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन की खबर से पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनके एक भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें