
संक्षिप्त विवरण-
वादिनी द्वारा दिनांक 14-05-2026 को कोतवाली मल्लीताल में उपस्थित होकर तहरीर दी गई कि नरेश पाण्डे द्वारा शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध स्थापित किए गए। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 351(2)/69 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मामले की विवेचना प्रचलित है तथा पुलिस विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही कर रही है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि भवाली निवासी एक व्यक्ति द्वारा तथाकथित बाउंसरों एवं हथियारबंद लोगों को साथ लेकर क्षेत्र में घूमकर भय एवं दहशत का माहौल बनाया जा रहा है। सूचना के आधार पर दिनांक 19-05-2026 को नरेश पाण्डे द्वारा रखे गए बाउंसरों एवं प्राइवेट गनरों को कोतवाली भवाली लाकर उनका सत्यापन, गन लाइसेंस की जांच एवं पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि नरेश पाण्डे के शस्त्रधारी गार्ड—
1- लखविंदर सिंह पुत्र बक्शी सिंह निवासी पतरामपुर, जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा अपनी सुरक्षा हेतु लिए गए लाइसेंसी शस्त्र का उपयोग नरेश पाण्डे को सुरक्षा प्रदान करने में किया जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उक्त व्यक्ति के साथ घूमकर क्षेत्र में भय एवं आतंक का माहौल व्याप्त किया जा रहा था।
लाइसेंस धारक द्वारा शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 30 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर शस्त्र को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु जिलाधिकारी महोदय को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त दो बाउंसरों—
1- विशेष नाग पुत्र हेमराज निवासी होशियारपुर, पंजाब।
2- मधुसूदन सिंह पुत्र नंदन सिंह निवासी सिरौली, अल्मोड़ा।
के विरुद्ध धारा 172 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
पुलिस द्वारा सभी तथाकथित बाउंसरों को राउंडअप कर सख्त पूछताछ की गई। जांच में पाया गया कि आर्म्स एक्ट के विभिन्न प्रावधानों एवं लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए समाज में भय एवं दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ हथियारबंद होकर घूमना एवं क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SSP नैनीताल के सख्त निर्देश-
जनपद नैनीताल में अवैध तरीके से बाउंसरों, गुंडों एवं हथियारबंद लोगों को साथ लेकर घूमकर भय का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कार्यवाही करेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे अपराधी एवं गुंडा तत्वों पर प्रभावी कार्यवाही जारी रहेगी।
मीडिया सेल
जनपद नैनीताल










