
नैनीताल। ऐतिहासिक एवं धार्मिक मां नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मंगलवार को महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। SSP ने मेला कंट्रोल रूम, CCTV कंट्रोल रूम, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स समेत विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान SSP ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करे।
SSP ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। महोत्सव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर भी विशेष जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. सायंकालीन आरती में शामिल हुए और मां नंदा देवी की पूजा-अर्चना कर जनपद एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
नैनीताल पुलिस ने महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










