

रामनगर/नैनीताल। मुख्यमंत्री की “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” सोच को जनपद नैनीताल में नई मजबूती मिली है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय की पहल पर गुरुवार को विकासखंड रामनगर स्थित अनंतम रिसोर्ट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत “वोकल फॉर लोकल मीट” (Buyer-Seller Meet) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना तथा होटल एवं पर्यटन उद्योग के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना रहा। आयोजन में ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की झलक साफ देखने को मिली।
इस दौरान रामनगर, कोटाबाग, हल्द्वानी, धारी और भीमताल ब्लॉकों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा कुल 12 आकर्षक स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों में ऐपण कला, जूट बैग, पर्स, रेशम पेंटिंग, पिछौड़ा, घंटी, शहद, हींग, सॉवेनियर, स्लीपर, मोरिंगा अचार, जैम, चटनी, वूलन टाईज, ब्लैक पॉटरी, ऑर्गेनिक दालें, मल्टीग्रेन आटा, मसाले, जूस, घी और आंवला कैंडी जैसे स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इन उत्पादों ने वहां मौजूद होटल व्यवसायियों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष हरि मान, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी एवं सहायक परियोजना निदेशक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। खंड विकास अधिकारी रामनगर ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सहायक परियोजना निदेशक ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने होटल व्यवसायियों से अपील की कि वे स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अपने प्रतिष्ठानों में स्थान दें, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक उत्तराखंड की स्थानीय पहचान पहुंच सके।
कार्यक्रम में मौजूद महिला उद्यमियों ने भी होटल एसोसिएशन से अपने उत्पादों के विपणन और स्थायी टाई-अप की मांग रखी, जिस पर होटल व्यवसायियों ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा होटल एसोसिएशन एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद अधिकारियों एवं अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन और संभावित व्यापारिक साझेदारी पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, होटल एसोसिएशन प्रतिनिधि पुनीत सचदेव, कुलदीप सिंह, पुनीत अग्रवाल सहित कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन कुंवर सामन्त एवं सुनील पंत द्वारा किया गया।
यह आयोजन मुख्यमंत्री धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विजन को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में देखा जा रहा है।










