
लालकुआं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एबीवीपी नगर इकाई लालकुआं द्वारा 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को नगर में भव्य “विवेकानंद शोभायात्रा” का आयोजन किया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी सहभागिता करेंगे।
नगर इकाई के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा प्रातः 10:00 बजे लालकुआं स्थित नरूला पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर पार्क तक पहुंचेगी। शोभायात्रा के समापन पर अंबेडकर पार्क में विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका तथा संगठन की विचारधारा पर वक्ताओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किए जाएंगे।
इसके उपरांत उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के लिए मिष्ठान वितरण की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई लालकुआं द्वारा किया जा रहा है।
एबीवीपी के पदाधिकारियों ने नगर के विद्यार्थियों, युवाओं एवं सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्थापना दिवस समारोह एवं विवेकानंद शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है।










