
नैनीताल। ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन अवसर पर नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा यह निर्णय मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन और भव्य शोभायात्रा के दौरान संभावित भारी भीड़ एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
23 सितंबर को आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों में अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सभी शिक्षण संस्थानों को इसकी सूचना समय पर उपलब्ध कराई जाए।
नंदा देवी महोत्सव कुमाऊं की आस्था और संस्कृति का प्रमुख पर्व है, जिसके समापन पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और डोला विसर्जन में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।










