
हल्द्वानी। महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल, प्रभावी और तकनीकी माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट के प्रयासों से मैरीगोल्ड बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में महिला सशक्तिकरण वेबसाइट, पत्रिका एवं एआई आधारित सहायक ‘शक्ति एआई’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का लोकार्पण सांसद अजय भट्ट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने इस पहल को महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस दौरान www.mahilasashaktikaran.com वेबसाइट का शुभारंभ किया गया तथा महिलाओं के लिए योजनाओं और मार्गदर्शन से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही ‘शक्ति एआई’ को प्रस्तुत किया गया, जो महिलाओं को उनकी जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सेवा, कला, संगीत, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर महिला तक सही जानकारी और योजनाओं का लाभ पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट, पत्रिका और ‘शक्ति एआई’ इसी उद्देश्य को साकार करने का प्रयास हैं।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट एवं पूजा लटवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. कुसुम नारियल, श्रीमती छवि कांडपाल बोरा, श्रीमती रेखा नेगी, दीपा धौंडियाल, श्रीमती अपूर्वा बिष्ट, श्रीमती गीता तिवारी एवं श्रीमती खुशी जोशी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन टीम में नवीन भट्ट, धीरज पांडे, शोभन नायक एवं राजू नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








