
भवाली। शराब के नशे में वाहन चलाना और सड़क पर हुड़दंग करना छह लोगों को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत भवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोककर चालक समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वाले चालक का वाहन सीज कर दिया, जबकि उसके साथ मौजूद पांच अन्य लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और न्यूसेंस करने पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक यातायात/नैनीताल जगदीश चन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान UK04-AS-9619 नंबर के वाहन को रोका गया। जांच में चालक शराब के नशे में वाहन चलाता मिला, जबकि वाहन में सवार उसके पांच साथी शोर-शराबा कर सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेंस उत्पन्न कर रहे थे।
पुलिस टीम ने सभी छह लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक विकास कुमार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया। वहीं अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई में विकास कुमार (चालक), पारस मेहरा (22), अनुज सागर (24), बृजेश कुमार (23), चंदन आर्य (21) और अशोक कोहली (37) को गिरफ्तार किया गया। सभी निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, काठगोदाम क्षेत्र के बताए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब के नशे में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें।










