नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अप्रैल माह से 24 जून 2026 तक गुम हुए 256 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 56 लाख 25 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को मोबाइल फोन बरामद करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा साइबर सेल की मोबाइल ऐप प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया।
लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के अलग-अलग जनपदों से कुल 256 मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोन में 4 आईफोन, 35 सैमसंग, 59 ओप्पो, 10 वन प्लस, 26 रियलमी, 50 वीवो, 10 मोटोरोला, 10 इंफिनिक्स, 19 रेडमी, 14 पोको, 5 लावा, 3 आईक्यू, 6 टेक्नो और 5 आईटेल कंपनी के मोबाइल शामिल हैं। इन सभी मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 56.25 लाख रुपये आंकी गई है।
मोबाइल बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर तथा कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मोबाइल स्वामियों ने अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए नैनीताल पुलिस की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










