Ad

लालकुआं सहित इन शहरों के लिए मिल सकती है ये अहम सौगात, सांसद अजय भट्ट ने की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात…….

लालकुआं। नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट के नेतृत्व में दिल्ली जाकर उनके आवास में जाकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले शिष्टमंडल को केंद्रीय मंत्री ने जल्द ही लालकुआं के साथ-साथ हल्द्वानी और काठगोदाम में भी बाईपास का निर्माण करने की घोषणा करते हुए तत्काल अधीनस्थ अधिकारियों को तीनों बाईपास की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट के साथ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के दिल्ली स्थित आवास में जाकर मिले शिष्टमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि लालकुआं शहर केवल एक किलोमीटर के क्षेत्रफल में फैला हुआ पौराणिक शहर है, जहां भारी एवं हल्के वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने के चलते नगर के बीचो-बीच से गुजर रहे हाईवे के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे लेकर उनके द्वारा गत 2022 के लोकसभा चुनाव के दौरान लालकुआं बाईपास की घोषणा की गई थी, परंतु अब तक उस पर अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। उन्होंने तत्काल लालकुआं बाईपास का निर्माण करने की मांग की। शिष्ट मंडल को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह लालकुआं के साथ-साथ हल्द्वानी एवं काठगोदाम में भी बाईपास का निर्माण करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से देश के कोने-कोने के पर्यटकों को आवागमन में कोई दिक्कत ना हो इस गंभीर समस्या को देखते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन विभाग लालकुआं के साथ-साथ हल्द्वानी और काठगोदाम में भी बाईपास का निर्माण करेगा। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल तीनों बाईपास के संबंध में डीपीआर तैयार करें। उन्होंने क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट से भी कहा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र में जाकर विधिवत इसकी घोषणा भी करें। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, सभासद धन सिंह बिष्ट, सचिन अग्रवाल, प्रेस क्लब अध्यक्ष बीसी भट्ट, पत्रकार राजेंद्र पन्त, रमाकांत और वीरेंद्र कोरंगा मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें