
नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के निर्देश पर गठित संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं।
पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने तहरीर देकर बताया कि वह 1 मई 2026 को अपने परिवार सहित कोटाबाग गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है। यहां पूरनपुर कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने शिकायत दी कि 30 अप्रैल को अज्ञात चोर चैनल और दरवाजे का लॉक तोड़कर घर में घुस गए और नकदी, घड़ी, हेलमेट तथा पायल चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना मुखानी में भी मुकदमा दर्ज किया गया।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी और सीओ हल्द्वानी की निगरानी में कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध युवक घरों में घुसते दिखाई दिए। पूछताछ में जानकारी मिली कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर कुछ युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे थे।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी करते हुए शुक्रवार 9 मई को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु के रूप में हुई है। तीनों आरोपी हरिद्वार के सपेरा बस्ती क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे। हल्द्वानी में होटल में रुकने के दौरान उन्होंने बंद घरों की रेकी की और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, चैन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चोकर, पायल, कमरबंद, बिछुए और अन्य सामान शामिल हैं। बरामद माल की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस बड़ी सफलता पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद इनाम देकर सम्मानित किया है।










