Ad

कैंची धाम में आस्था का महाविस्फोट, हर घंटे बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़; बैरियर मुक्त दर्शन, शटल सेवाएं लगातार संचालित, पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, देखें वीडियो

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज जी के वार्षिक स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व महासंगम देखने को मिल रहा है। सोमवार प्रातः 05:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात बाबा के पावन कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

सुबह से ही मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और शटल पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बाबा के दर्शन के लिए उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु लगातार कैंची धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड में यहाँ महिला मित्र पर युवक ने झोंका फायर, सीने को छूकर निकली गोली: आरोपी.......

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल सेवाएं लगातार पूर्ण क्षमता के साथ संचालित की जा रही हैं। सभी श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी बैरियर पर श्रद्धालुओं को रोका नहीं जा रहा है और सभी को व्यवस्थित ढंग से दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।

मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस, जिला प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:- बाबा नीम करौरी के दरबार में उमड़ा जनसागर, एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने संभाली सुरक्षा की कमान, अब तक इतने हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कैंची धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। जयकारों, भजनों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आ रहा है। बाबा के भक्त श्रद्धा और विश्वास के साथ दरबार में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भारी आमद का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के होटल, धर्मशालाएं और व्यापारिक प्रतिष्ठान श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; SSP बोले- अफवाहों पर न दें ध्यान

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने, पुलिस एवं स्वयंसेवकों के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग एवं शटल सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह से सक्रिय हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें