लालकुआं में प्रशासन का छापा! दो क्लीनिक सील, जन औषधि केंद्र के लाइसेंस पर लटकी तलवार…..

ADVERTISEMENTS Ad

एसडीएम रेखा कोहली के नेतृत्व में चिकित्सा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, जन औषधि केंद्र का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति

लालकुआं। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, औषधि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के क्लीनिकों, अस्पतालों, मेडिकल स्टोरों एवं अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध डिग्री के संचालित पाए गए दो क्लीनिकों को सील कर दिया गया, जबकि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने पर एक जन औषधि केंद्र का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चिकित्सा प्रतिष्ठान संचालकों के बीच हलचल मच गई। संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों, पंजीकरण और संचालन संबंधी अभिलेखों का सत्यापन किया।

दो क्लीनिकों पर गिरी कार्रवाई की गाज

निरीक्षण के दौरान टीम ने दो क्लीनिकों को बिना वैध डिग्री के संचालित होते पाया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। इनमें 25 एकड़ रोड स्थित मनोज राय क्लीनिक तथा राजीव नगर बंगाली कॉलोनी स्थित सुमंत मंडल क्लीनिक शामिल हैं।

वहीं, गोला रोड स्थित जन औषधि केंद्र में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए जाने पर उसके लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई।

तीन प्रतिष्ठानों के अभिलेख मिले संतोषजनक

संयुक्त निरीक्षण के दौरान पंत डेंटल क्लीनिक के सभी अभिलेख संतोषजनक पाए गए। इसके अलावा गोला रोड स्थित राजा मेडिकल स्टोर और हीरा होमियो हॉल मेडिकल स्टोर के दस्तावेज भी संतोषजनक मिले।

कई विभागों की संयुक्त टीम रही मौजूद

औचक निरीक्षण अभियान एसडीएम रेखा कोहली के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में ब्लॉक चिकित्साधिकारी हल्दूचौड़ डॉ. ममता सिंह, चिकित्साधिकारी लालकुआं डॉ. लव पांडेय, ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी एवं अर्चना, रजिस्ट्रार कानूनगो पंकज कुड़ाई, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, जौनी सिंह और आरिफ हुसैन तथा होमगार्ड भवानी नाथ गोस्वामी शामिल रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं की वैधता सुनिश्चित करने और नियमों के विपरीत संचालित प्रतिष्ठानों की जांच के रूप में देखा जा रहा है। अभियान के माध्यम से चिकित्सा प्रतिष्ठानों के पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेजों और संचालन संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें