
नैनीताल/भवाली। वीकेंड पर कैंची धाम और नैनीताल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। 10 और 11 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और पर्यटकों की सुविधा के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस के राजपत्रित अधिकारी खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर मोर्चा संभाले हुए हैं।
यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल तथा एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों की निगरानी में यातायात का संचालन किया जा रहा है, ताकि वीकेंड के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने पर भी जाम की स्थिति से निपटा जा सके।
पार्किंग से कैंची धाम तक शटल सेवा का सहारा
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक आवागमन सुगम बनाने के लिए शटल सेवा संचालित की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है और मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है।
अनाउंसमेंट से जागरूकता, एंट्री पॉइंट पर स्टीकर व्यवस्था
यातायात प्लान को लेकर पुलिस की ओर से अनाउंसमेंट के माध्यम से लगातार जानकारी दी जा रही है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही एंट्री पॉइंट पर वाहनों में स्टीकर लगाने की व्यवस्था भी जारी है, जिससे यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित बनाया जा सके।
अधिकारियों की निगरानी में मुस्तैद पुलिस बल
वीकेंड के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ यातायात का संचालन कर रहे हैं। वहीं, वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। नैनीताल पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को कैंची धाम में सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के साथ ही पर्यटकों की यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस द्वारा किए जा रहे इन इंतजामों के तहत यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और शटल सेवा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वीकेंड के दौरान कैंची धाम एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।











